लौकी थेपला
गुजरात अपने बेहतरीन व्यंजनों के लिए काफी प्रसिद्ध है | हांडवो, उंधियू, सुरती लोचो, ढोकला, फाफड़ा, थेपला इत्यादि जो गुजरात के बेहतरीन व्यंजनों में से एक है | थेपला गुजरातियों का पसंदीदा नाशतो में से एक है | गुजरात में थेपला अनेक तरह से बनाया जाता है, गेहूं का आटा या ज्वार का आटा या बेसन इत्यादि में मेथी या अन्य सब्जियां और रोजमर्रा वाले मसाले मिलाकर थेपला बनाया जाता है |
इस में खटास के लिए थोड़ी सी दही और मिठास के लिए शक्कर या गुड़ को भी डाला जाता है | गुजराती खाने की एक खास बात यह है कि वहां हरेक जायके में थोड़ी सी मिठास जरूर होती है | इस बारें में कहां जाता है कि, गुजरात समुद्री तट पर है, जिसके चलते वहां का पानी खारा(salty) होता है। खारे पानी से बने भोजन स्वाद में अजीब होते है, इसके समाधान स्वरुप गुजराती लोग खाने में चीनी या गुड़ मिलाते हैं | आप चाहे तो बिना शक्कर का भी बना सकते हैं |
लौकी के थेपले में स्वाद और पौष्टिकता दोनों ही गुण मौजूद है | लौकी के थेपले का आप कभी भी आनंद उठा सकते हैं, नाश्ते में, दिन के खाने में या रात के खाने में | शाम की चाय के साथ भी आप इसे स्नैक्स की तरह खा सकते हैं | इसे आप लंच बॉक्स में, पिकनिक में या फिर ट्रेवलिंग में भी ले जा सकते हैं | गुजरात में थेपला छुंदा के साथ खाना पसंद किया जाता है, आप दही या अपनी मन पसंदीदा चटनी के साथ भी थेपले का लुत्फ उठा सकते हैं |
अगर आप ट्रैवलिंग के लिए या लंबे समय तक रखने के लिए थेपला बना रहे हैं तो थेपले में दही ना डालें | जिन बच्चों को लौकी पसंद नहीं है उन बच्चों की डाइट में भी लौकी को शामिल करने का यह एक सरल और अच्छा उपाय है | मेरी भी दोनों बेटियों को यह थेपले बेहद पसंद है | मैंने बच्चों के लिए थेपले बनाए हैं इसलिए मैंने हरी मिर्च नहीं डाली है आप चाहे तो डाल सकते हैं स्वाद और बढ़ जाएगा |
सामग्री:
- लौकी -1 कप, कद्दूकस की हुई
- नमक – स्वाद अनुसार
- लाल मिर्च पाउडर – 1/2 छोटी चम्मच
- तिल – 1/2 छोटी चम्मच
- चीनी – 1/2 छोटी चम्मच
- अदरक लहसुन पेस्ट – 1 छोटी चम्मच
- हल्दी पाउडर – 1/3 छोटी चम्मच
- हरा धनिया – 1 बड़ा चम्मच, बारीक कटा हुआ
- बेसन – 4 बड़े चम्मच
- गेहूं का आटा – 2 कप
- दही – 1 बड़ा चम्मच
- तेल – 1 बड़ा चम्मच
- घी या तेल थेपले को सेकने के लिए
बनाने की विधि:
1. एक परात में कद्दूकस की हुई लौकी ले, नमक और लाल मिर्च पाउडर डालें |
2. फिर तिल, चीनी और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें |
3. हल्दी पाउडर, हरा धनिया और बेसन डालें |
4. गेहूं का आटा, एक बड़ा चम्मच दही और थोड़ा सा तेल डालें |
5. सारी सामग्री को अच्छे से मिला लें | आवश्यकता अनुसार पानी मिलाकर आटा गूंध लें, ज्यादा पानी मिलाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, लौकी में भी पानी होता है | आटे को गूंधने में मैंने बस 2 बड़े चम्मच पानी का ही प्रयोग किया है | आटे को ढककर 10 से 15 मिनट तक सेट होने के लिए रख दें | गुंदा हुआ आटा ले आटे की लोई बना ले, चकले पर थोड़ा सा सूखा आटा छिड़के |
6. लोई को बेलन की मदद से 4 इंच के व्यास के गोल आकार में बेल ले | इस पर चम्मच से थोड़ा सा घी लगाकर चारों ओर फैला ले | बेले हुए थेपले को चारों ओर से उठाकर बंद कर दे और उंगलियों से दबाकर चपटा कर दें | इस पर सूखा आटा छिड़कें | वापस से गोल आकार में थोड़ा पतला थेपला बेल लीजिए |
7. तवे को गरम करने के लिए रखें, तवे पर थोड़ा सा घी लगा दे | तवा गरम होने पर थेपला डाले | थेपले पर घी लगाए, थेपले को पलटे और दूसरी तरफ भी घी लगाए | कलछी से चारों और हल्का दबाव देते हुए थेपले को दोनों तरफ से अच्छी तरह भूरे निशान आने तक सेक ले, थेपला तैयार है | प्लेट में निकालें और इसी तरह बाकी थेपले भी बना ले | इसे अपनी मनपसंद सब्जी, चटनी, अचार या दही के साथ परोसे |
Yammy
Looking amazing
Thank you 🙂
So amazing to see all delicious dishes being prepared in a wonderful way..
Thank you 🙂