झुणका
ग्रामीण लोग किस तरह थोड़ी सी सामग्री से ही एक बेहतरीन व्यंजन तैयार कर लेते हैं, झुणका भाकरी इसका एक उम्दा उदाहरण है | यह एक ग्रामीण भोजन है, जो गांव में किसान और मजदूर वर्ग करते हैं | झुणका भाकरी के स्वाद और सरलता की वजह से यह महाराष्ट्र का एक प्रसिद्ध व्यंजन बन गया है | यह कई घरों में और रेस्टोरेंट में भी बनाया जाता है |
झुणका बनाने में प्याज, बेसन और कुछ मसालों का प्रयोग किया जाता है और भाकरी बनाने के लिए ज्वार के आटे का या फिर बाजरे के आटे का प्रयोग किया जाता है |अगर आप इसे हरी मिर्ची के ठेचा के साथ परोसेंगे तो इसका स्वाद और बढ़ जाएगा | रात के खाने में कुछ हल्का-फुल्का और मजेदार सा खाने का मन कर रहा हो तो इससे बढ़िया ऑप्शन कुछ हो ही नहीं सकता | यह बहुत फटाफट तैयार हो जाता है, इसे बनाने में ना तैयारी का झंझट ना ही ज्यादा टाइम की जरूरत |
झुणका को बेहतरीन बनाने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखिए जैसे कि बनाते हुए नमक जरूर चख ले, नमक बिल्कुल ठीक होना चाहिए अगर नमक कम होगा तो स्वाद में फर्क पड़ेगा और झुणका को बनाने के बाद तुरंत ही परोसे, गरमा गरम झुणका ज्यादा स्वादिष्ट लगता है | मैं जब भी झुणका बनाती हूं, तो सबसे पहले रोटी तैयार करती हूं उसके बाद सब्जी बनाती हूं | फिर मैं और मेरी फैमिली एक साथ डाइनिंग टेबल पर बैठकर डिनर का मजा लेते हैं | आप भी झुणका बनाइए और खाइए, महाराष्ट्र के गांव के खाने का स्वाद का मजा अपने घर पर बैठे-बैठे उठाइए 🙂
चलिए देखते हैं स्टेप बाय स्टेप फोटो के द्वारा झुणका बनाने की विधि:
झुणका बनाने के लिए सबसे पहले एक बाउल में बेसन ले और 1 कप पानी ले | थोड़ा थोड़ा करके बेसन में पानी डालें और एक पतला घोल तैयार करें | सारा पानी एकदम से ना डालें नहीं तो बेसन में गुठलियां बन जाएगी |
अब एक कढ़ाई में तेल गरम करें, तेल गर्म होने के बाद राई और जीरा डालें |
जीरा भूनने के बाद करी पत्ता और जरा सा हींग डालें, 5 से 10 सेकंड के लिए मसालों को भूने(आप चाहे तो बारीक कटी हुई हरी मिर्च भी डाल सकते हैं) और फिर उसमे कटी हुई प्याज डालें |
प्याज को 2 मिनट तक मध्यम आंच पर सेके, फिर कुटा हुआ लहसुन का पेस्ट डालें और अच्छे से मिलाएं | प्याज को 8 से 10 मिनट तक सुनहरा लाल होने तक भुने | प्याज भूनने के बाद लाल मिर्च पाउडर डालें |
हल्दी पाउडर डालें और चमचे की मदद से अच्छे से मिलाएं | अब भुनी हुई प्याज में 1 और 1/2 कप पानी डालें |
स्वाद अनुसार नमक डालें और एक उबाल आने तक पानी को उबलने दे | पानी में उबाल आ जाए उसके बाद, उसमें बेसन का घोल डालें | घोल डालते वक्त दूसरे हाथ से चमचे की मदद से सब्जी को लगातार हिलाते रहिए | लगभग 5 से 10 मिनट तक सब्जी को गाढ़े होने तक लगातार हिलाते हुए पका लीजिए | सब्जी गाड़ी हो जाए तो गैस बंद कर दीजिए |
अब इसमें खूब सारा कटा हुआ हरा धनिया डालें | चलिए इसको और स्वादिष्ट बनाने के लिए इस पर तड़का लगाते हैं | तड़के के लिए एक पैन में तेल गरम करे | तेल गर्म होने के बाद राई डालें |
जीरा डालें, जीरा भुनने के बाद करी पत्ता और हरी मिर्च डालें |
तड़के को धीमी आंच पर 5 से 10 सेकंड के लिए भुने | तड़के को सब्जी के ऊपर डालिए और मिलाइए | गरमा गरम झुणके को रोटी या भाकरी के साथ परोसिए, और ज्यादा स्वाद बढ़ाने के लिए साथ में ठेचा परोसिए |
सामग्री:
- बेसन – 1 कप
- तेल – 2 बड़े चम्मच
- राई – 1/2 छोटी चम्मच
- जीरा – 1/2 छोटी चम्मच
- करी पत्ता – 10-15 पत्ते
- हींग – 1/3 छोटी चम्मच
- प्याज – 4 बारीक कटी हुई
- लहसुन -4-5 कली, कुटी हुई
- लाल मिर्च पाउडर – 1/2 छोटी चम्मच
- हल्दी पाउडर – 1/3 छोटी चम्मच
- नमक – स्वाद अनुसार
- हरा धनिया – 2 बड़े चम्मच बारीक कटा हुआ
- पानी – 2 और 1/2 कप
तड़के के लिए:
- तेल – 2 छोटी चम्मच
- राई – 1/2 छोटी चम्मच
- जीरा – 1/2 छोटी चम्मच
- करी पत्ता – 6-7 पत्ते
- हरी मिर्ची – दो बारीक कटी हुई(optional)
बनाने की विधि:
- एक बाउल में बेसन ले | एक कप पानी ले, थोड़ा थोड़ा बेसन में पानी डालें और एक पतला घोल तैयार करें | घोल को एक साइड रख दें |
- अब एक कढ़ाई ले, कढ़ाई में तेल डालें | तेल गर्म होने के बाद उसमें राई और जीरा डालें |
- जीरा भुनने के बाद करी पत्ता और जरा सा हींग डालें 5 से 10 सेकंड तक मसालों को भूने |
- फिर कटी हुई प्याज डालें, प्याज को 2 मिनट तक मध्यम आंच पर सेके |
- अब लहसुन का पेस्ट डालें, अच्छे से मिलाएं और प्याज को लगभग 8 से 10 मिनट तक सुनहरा लाल होने तक भूनें |
- अब लाल मिर्च पाउडर और हल्दी पाउडर डालें, अच्छे से मिलाएं और 1-2 मिनट तक मसालों को भूने |
- एक और आधा कप पानी डालें | स्वाद अनुसार नमक डालें |
- पानी में उबाल आने के बाद बेसन का घोल डालें | बेसन का घोल डालते वक्त दूसरे हाथ से चमचे की मदद से सब्जी को लगातार हिलाते रहिए |
- लगभग 5 से 10 मिनट तक सब्जी को गाढ़े होने तक लगातार हिलाते हुए पका लीजिए | सब्जी गाड़ी हो जाए तो गैस बंद कर दीजिए |
- सब्जी में कटा हुआ हरा धनिया डालें और मिलाएं |
तड़के के लिए:
- तडका मारने के लिए एक पैन ले, पैन में तेल डाले |
- तेल गर्म होने के बाद राई और जीरा डालें |
- जीरा भुनने के बाद करी पत्ता और हरी मिर्च डालें | धीमी आंच पर 5 से 10 सेकंड के लिए भूने |
- तड़के को सब्जी के ऊपर डालिए और मिलाइए | झुणका तैयार है |
- गरमा गरम झुणके को रोटी या भाकरी के साथ परोसिए |